बहादुरगढ़ | बहादुरगढ़ में वाहन का शीशा तोड़कर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में दिल्ली-रोहतक रोड स्थित हनुमान मंदिर के बाहर खड़ी एक स्कॉर्पियो-एन का शीशा तोड़कर बदमाश बैग लेकर फरार हो गए। चोरी हुए बैग में नकदी, बैंक कार्ड, महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ आयकर विभाग का गोपनीय डाटा भी मौजूद था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-6 निवासी अजय छिल्लर ने बताया कि वह दिल्ली आयकर विभाग में निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह अपनी स्कॉर्पियो-एन (एचआर-01टी-4950) से दिल्ली-रोहतक रोड स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। उन्होंने अपनी गाड़ी स्टैनफोर्ड स्कूल के पास मेट्रो पिलर नंबर-856 के निकट सड़क किनारे खड़ी की और मंदिर चले गए।
करीब 20 मिनट बाद जब वह वापस लौटे तो देखा कि वाहन का एक शीशा टूटा हुआ था और अंदर रखा बैग गायब था। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।
पीड़ित के अनुसार चोरी हुए बैग में लगभग चार हजार रुपये नकद, विभिन्न बैंकों के क्रेडिट और डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, तीन पेन ड्राइव, एक सैंडिस्क हार्ड डिस्क, पीएसए टोकन तथा परिवार की तस्वीरें रखी हुई थीं। सबसे गंभीर बात यह है कि हार्ड डिस्क और पेन ड्राइव में आयकर विभाग से संबंधित गोपनीय कार्यालयी डाटा भी सुरक्षित था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
गौरतलब है कि बहादुरगढ़ में हाल के दिनों में वाहनों के शीशे तोड़कर चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा देखने को मिला है। ऐसे में पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि वाहन में नकदी, लैपटॉप, बैग या अन्य कीमती सामान खुला छोड़कर न जाएं, ताकि इस तरह की वारदातों से बचा जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।







