गुरुग्राम | गुरुग्राम के सेक्टर-81 इलाके में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब धारूहेड़ा स्थित आरपीएस स्कूल की बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। घटना उस समय हुई जब बस छात्रों को लेने जा रही थी। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त बस में कोई छात्र मौजूद नहीं था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब साढ़े सात बजे अल्टीमा सोसाइटी के पास स्थित गोल चक्कर पर बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के बाद बस पलटने जैसी स्थिति बन गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस चालक शराब के नशे में था। लोगों ने जब चालक को बस से नीचे उतरने के लिए कहा तो वह वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
इस घटना ने एक बार फिर स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और चालकों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि हादसे के समय बस में बच्चे सवार होते तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
पुलिस ने लोगों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।







