Home Haryana कैथल में मालगाड़ी की चपेट में आने से रेलवे कर्मचारी की मौत,...

कैथल में मालगाड़ी की चपेट में आने से रेलवे कर्मचारी की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

7
0

कैथल | हरियाणा के कैथल जिले में गांव टीक के पास एक दर्दनाक रेल हादसे में रेलवे कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान करीब 50 वर्षीय श्याम कुमार के रूप में हुई है, जो रेलवे में कीमैन के पद पर कार्यरत थे। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली के रहने वाले थे और वर्तमान में कैथल के टीक क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात थे।

हादसा गांव टीक रेलवे स्टेशन से करीब 200 मीटर दूर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, श्याम कुमार मालगाड़ी की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने हादसा होते ही तुरंत जीआरपी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

जीआरपी चौकी इंचार्ज करण सिंह ने बताया कि मालगाड़ी की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि मामले में इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि श्याम कुमार अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। उनका परिवार उत्तर प्रदेश के रायबरेली में रहता है, जबकि श्याम कुमार नौकरी के चलते कैथल में रह रहे थे। हादसे के बाद परिवार पर गहरा दुख टूट पड़ा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here