जींद I हरियाणा के जींद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 152-डी पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक महिला समेत तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करनाल निवासी तीन महिलाएं और दो पुरुष कार में सवार होकर राजस्थान स्थित खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। जब उनकी कार एनएच-152डी पर लजवाना कलां गांव के समीप पहुंची, तभी अचानक एक कुत्ता वाहन के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी श्रद्धालु वाहन की स्थिति देखने के लिए नीचे उतर गए। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में करनाल निवासी 45 वर्षीय धर्मपाल, 50 वर्षीय राजकुमार और 40 वर्षीय स्वीटी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल हुईं 40 वर्षीय नीतू और 42 वर्षीय रीतू को तत्काल जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।







