Home Crime डबल मर्डर के बाद फरार आरोपी भिगान टोल से गिरफ्तार, सोनीपत पुलिस...

डबल मर्डर के बाद फरार आरोपी भिगान टोल से गिरफ्तार, सोनीपत पुलिस की रणनीति से चढ़ा हत्थे

7
0
Screenshot

सोनीपत/पानीपत। डेराबस्सी और पानीपत में दो अलग-अलग हत्याओं को अंजाम देकर फरार हो रहे एक आरोपी को सोनीपत पुलिस ने देर रात विशेष अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान पानीपत के मॉडल टाउन निवासी साहिल मलिक के रूप में हुई है। स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट (एसएजीयू) और मुरथल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भिगान टोल प्लाजा पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी ने बुधवार शाम पंजाब के डेराबस्सी स्थित घोलूमाजरा गांव की सिक्योरिटी एन्क्लेव में अपने चाचा राहुल मलिक की कथित तौर पर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह शव को कार में रखकर पानीपत पहुंचा।

बताया जा रहा है कि पानीपत पहुंचने के बाद आरोपी ने अपने दोस्त अंकुश को सेक्टर-13/17 चौक पर बुलाया और वहां उसे भी गोली मार दी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों शवों को बाद में सिवाह क्षेत्र के पास नहर में फेंक दिया गया।

जीपीएस ट्रैकिंग से आरोपी तक पहुंची पुलिस

दोहरे हत्याकांड के बाद आरोपी कार से फरार होने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान डेराबस्सी पुलिस ने वाहन की जीपीएस लोकेशन ट्रेस कर ली और इसकी जानकारी तत्काल सोनीपत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट और मुरथल थाना पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू कर दिया।

भिगान टोल पर बिछाया जाल, भीड़ में दबोचा आरोपी

पुलिस ने भिगान टोल प्लाजा पर विशेष रणनीति के तहत नाकाबंदी की। वाहनों की जांच के दौरान आरोपी की कार की पहचान कर उसे घेर लिया गया और बिना किसी बड़ी घटना के हिरासत में ले लिया गया।

पानीपत सीआईए को सौंपा गया आरोपी

गिरफ्तारी के बाद आरोपी साहिल मलिक को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए पानीपत सीआईए के हवाले कर दिया गया है। जांच एजेंसियां अब हत्या के पीछे के कारणों, घटनाक्रम और शवों की बरामदगी को लेकर जांच में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here