Home Haryana करनाल में चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी में धमाका, घर में लगी...

करनाल में चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी में धमाका, घर में लगी आग

14
0

करनाल। शहर के पनौड़ी रोड क्षेत्र में देर रात एक घर के भीतर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक धमाके के बाद आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि स्कूटी के साथ पास में खड़ी एक मोटरसाइकिल भी इसकी चपेट में आ गई। हादसे के समय पूरा परिवार घर में सो रहा था, लेकिन धुआं फैलने से उनकी नींद खुल गई और वे समय रहते बाहर निकलकर सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, घटना दरमियानी रात करीब 1:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्जिंग पर लगी हुई थी, तभी उसकी बैटरी में अचानक विस्फोट हुआ और आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरे कमरे में धुआं फैल गया, जिससे घर में मौजूद लोगों का दम घुटने लगा।

घर के सदस्यों ने शोर मचाकर पड़ोसियों को सूचना दी, जिसके बाद दमकल विभाग को बुलाया गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक इलेक्ट्रिक स्कूटी और उसके पास खड़ी बाइक पूरी तरह जल चुकी थीं। आग की वजह से कमरे का दरवाजा और खिड़की भी क्षतिग्रस्त हो गए।

स्कूटी मालिक पंडित शिव कुमार ने बताया कि उन्होंने करीब ढाई वर्ष पहले यह इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। कुछ महीने पहले ही इसकी बैटरी बदली गई थी, लेकिन नई बैटरी में भी लगातार तकनीकी समस्याएं आ रही थीं। उन्होंने कई बार एजेंसी को शिकायत देकर बैटरी में खराबी की जानकारी दी थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

परिजनों के अनुसार, रात को स्कूटी को चार्जिंग पर लगाने के बाद सभी लोग सो गए थे। अचानक कमरे में धुआं भरने लगा, जिससे उनकी नींद खुली और वे बाहर निकल सके। यदि समय रहते परिवार की नींद नहीं खुलती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रारंभिक जांच में बैटरी के अत्यधिक गर्म होने को आग लगने का कारण माना जा रहा है। हालांकि, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here