Home Haryana बल्लभगढ़ में नाले में गिरा नंदी, दो घंटे के रेस्क्यू के बाद...

बल्लभगढ़ में नाले में गिरा नंदी, दो घंटे के रेस्क्यू के बाद बचाई गई जान

2
0

अनिल मंगला, फरीदाबाद |  बल्लभगढ़ के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब थाना परिसर के पीछे बने नाले में एक नंदी के गिरने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और गौवंश को सुरक्षित निकालने के प्रयास शुरू किए गए।

सूचना मिलने पर गौ सेवा धाम चिकित्सालय की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नाले की गहराई और कठिन परिस्थितियों के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। टीम ने करीब दो घंटे तक लगातार प्रयास किए और अंततः जेसीबी मशीन की सहायता से नंदी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान गौ सेवा धाम से जुड़े शिव दहिया, मोहन शर्मा, रोहित शर्मा सहित अन्य सदस्य मौके पर मौजूद रहे। टीम ने नंदी की प्राथमिक जांच भी की और उसकी स्थिति पर नजर रखी।

गौ सेवा धाम चिकित्सालय के सदस्यों ने बताया कि उनकी टीम लगातार घायल, बीमार और नालों, कुओं तथा अन्य खतरनाक स्थानों में फंसे गौवंशों को बचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलने से इस गौवंश को सुरक्षित बचाया जा सका।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नाले के आसपास सुरक्षा इंतजामों की कमी पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि नालों के किनारे पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग नहीं होने के कारण अक्सर गौवंश और अन्य पशु दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं।

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि ऐसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा उपाय मजबूत किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। लोगों का कहना है कि गौ संरक्षण को लेकर दावे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सुरक्षा और बचाव के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।

फिलहाल रेस्क्यू अभियान के सफल होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और गौ सेवा धाम की टीम के प्रयासों की सराहना की।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here