Home Crime घरेलू कलह बनी मौत की वजह, सिर पर वार से महिला की...

घरेलू कलह बनी मौत की वजह, सिर पर वार से महिला की गई जान

2
0

रोहतक। हरियाणा के रोहतक जिले के डोभ गांव में घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। भिवानी रोड स्थित गांव में रात कथित तौर पर पति ने अपनी पत्नी के सिर पर डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मामले में मृतका के परिजनों के बयान का इंतजार किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह सूचना मिली कि डोभ गांव में भिवानी रोड पर पीर बाबा मंदिर के सामने स्थित एक कमरे में महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही बहुअकबरपुर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिसके बाद हत्या की आशंका और गहरा गई।

प्राथमिक जांच में मृतका की पहचान असम निवासी जोशना के रूप में हुई है। जोशना की शादी उत्तर प्रदेश के कासगंज निवासी आजाद से हुई थी। दोनों के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक की उम्र करीब पांच वर्ष और दूसरे की तीन वर्ष बताई जा रही है। परिवार पिछले कुछ समय से रोहतक में रह रहा था, जहां आजाद कबाड़ का काम करता है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि सोमवार रात पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू मुद्दे को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान आजाद ने गुस्से में आकर डंडे से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण जोशना की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पंडित भगवत दयाल शर्मा पीजीआई के शवगृह में भिजवा दिया। अधिकारियों का कहना है कि मृतका के मायके पक्ष के बयान दर्ज किए जाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि रोहतक जिले में पिछले पांच दिनों के भीतर हत्या का यह चौथा मामला सामने आया है। इससे पहले नेहरू कॉलोनी में एक महिला का शव मिलने, मोखरा गांव में किसान की हत्या और एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले भी चर्चा में रहे हैं। लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here