Home Haryana कालूपुर औद्योगिक क्षेत्र में भीषण अग्निकांड, लकड़ी गोदाम और पेंट फैक्टरी आग...

कालूपुर औद्योगिक क्षेत्र में भीषण अग्निकांड, लकड़ी गोदाम और पेंट फैक्टरी आग की चपेट में

4
0

कालूपुर। पुराने औद्योगिक क्षेत्र कालूपुर के पास स्थित एक लकड़ी गोदाम और पेंट फैक्टरी में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दोनों फैक्टरियां धू-धू कर जलने लगीं। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और आसमान में दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले लकड़ी का सामान तैयार करने वाली फैक्टरी में लगी। गोदाम में भारी मात्रा में सूखी लकड़ी और ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इससे पहले कि कर्मचारी और स्थानीय लोग आग पर काबू पाने की कोशिश कर पाते, लपटें पास स्थित पेंट फैक्टरी तक पहुंच गईं। पेंट और केमिकल सामग्री मौजूद होने से आग और अधिक भड़क उठी।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। फिलहाल छह फायर ब्रिगेड गाड़ियां लगातार आग बुझाने में जुटी हुई हैं। दमकल कर्मियों को राहत एवं बचाव कार्य के दौरान काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। फैक्टरी के ऊपर लगा स्टील शेड और अंदर मौजूद भारी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री आग पर काबू पाने में बाधा बन रही है।

गनीमत यह रही कि हादसे के समय मौजूद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट या तकनीकी लापरवाही को संभावित वजह माना जा रहा है। प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। आग पूरी तरह बुझने के बाद विस्तृत जांच शुरू की जाएगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here