Home Haryana नौतपा के दूसरे दिन बढ़ी तपिश, हरियाणा में 47 डिग्री तक पहुंच...

नौतपा के दूसरे दिन बढ़ी तपिश, हरियाणा में 47 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

7
0

चंडीगढ़। नौतपा के दूसरे दिन हरियाणा में भीषण गर्मी ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही प्रदेशभर में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बुधवार को कई जिलों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई है। लगातार बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए 29 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। सबसे अधिक तापमान सिरसा में 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रोहतक 45.6 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा। हिसार और भिवानी में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं महेंद्रगढ़ में पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार, हिसार, सिरसा, रोहतक, महेंद्रगढ़, भिवानी, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत कई जिलों में अगले दो दिनों तक लू चलने की संभावना है। दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही।

विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने के बाद वातावरण में धूल का असर कम हुआ है, जिससे तेज धूप सीधे धरती तक पहुंच रही है और तापमान में उछाल देखने को मिल रहा है। बुधवार से शुक्रवार तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण-पश्चिम दिशा से गर्म हवाएं चलेंगी, जो गर्मी को और बढ़ा सकती हैं।

हालांकि मौसम विभाग ने 29 मई के बाद कुछ राहत मिलने के संकेत दिए हैं। अनुमान है कि 29 मई को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है और राजस्थान के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से 29 मई की रात से लेकर 1 जून तक हरियाणा के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाने, धूलभरी हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।

भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप में सावधानी बरतने की सलाह दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here