अंबाला | हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में आज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। कुछ जिलों में ओलावृष्टि का भी अनुमान है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
मौसम विभाग ने अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ ओले गिरने की आशंका भी जताई गई है। वहीं, प्रदेश के अन्य लगभग 16 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम में बदलाव को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे इस दौरान सिंचाई और कीटनाशकों के छिड़काव से बचें, ताकि फसलों को नुकसान न हो। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तरी भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले 2 से 3 दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। 30 मार्च को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे के तापमान की बात करें तो नूंह में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि यमुनानगर में लगभग 30.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मौसम में बदलाव के चलते आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट भी देखी जा सकती है।







