अमृतसर | अमृतसर के करनाल जिले में उनके पैतृक गांव कुटेल स्थित कल्याण फार्म में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की दिवंगत माता, प्रेम कौर कल्याण का श्रद्धांजलि समारोह रविवार को आयोजित किया गया। इस अवसर पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कई मंत्री, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी, संत समाज और समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने इस अवसर पर कहा कि प्रेम कौर कल्याण ने अपने परिवार को संस्कारित किया और उनके संस्कारों की वजह से हरविन्द्र कल्याण समाज में प्रतिष्ठित हैं। उन्होंने बताया कि माता जी सरल, सौम्य और कर्मठ थीं, जो हमेशा अपने बच्चों के लिए मार्ग प्रशस्त करती थीं। आचार्य देवव्रत ने कहा कि माता का स्थान भारतीय संस्कृति में अत्यंत ऊंचा है और प्रेम कौर कल्याण इसके आदर्श उदाहरण थीं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मां का स्थान इतना ऊंचा है कि उसकी पूर्ति कभी नहीं हो सकती। उन्होंने बताया कि प्रेम कौर कल्याण का जीवन प्रेम, त्याग और तपस्या से भरा था। उन्होंने सभी से अपील की कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर जीवन में प्रगति करें। मुख्यमंत्री ने माता जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने समारोह में उपस्थित लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि माता-पिता का रिश्ता जीवन में अनमोल होता है। माता जी ने उन्हें अच्छाई-बुराई का फर्क समझाया, बच्चों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया और हमेशा प्यार, शांति और सुरक्षा का माहौल दिया। उन्होंने कहा कि माता जी में लक्ष्मी, सरस्वती और दुर्गा का आदर्श रूप देखने को मिलता था।
श्रद्धांजलि समारोह में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा, राव नरबीर सिंह, मुख्य सचेतक रामकुमार कश्यप, विधायक जगमोहन आनंद, योगेंद्र राणा, भगवानदास कबीरपंथी, प्रमोद विज, चंद्रमोहन बिश्नोई, पूर्व विधायक बिशन लाल सैनी, प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा, आईपीएस आलोक मित्तल, एडीजीपी डॉ. रवि किरण, एचसीएस गौरव कुमार, पूर्व मंत्री शशि पाल मेहता, कंवरपाल गुर्जर, सुभाष सुधा, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, पूर्व वीसी राधेश्याम शर्मा, विधान सभा सचिव राजीव प्रसाद, जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीण लाठर समेत कई अन्य राजनैतिक, सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के लोग शामिल हुए।







