चंडीगढ़। हरियाणा में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने ठंड के इस सीजन में पहली बार घने कोहरे को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, आज अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल जिलों में अत्यधिक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश के न्यूनतम तापमान में आगामी दिनों में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड और तेज होगी।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने पंचकूला, यमुनानगर, कैथल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी के कुछ इलाकों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा, राजस्थान से सटे महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी के विभिन्न क्षेत्रों में शीतलहर चलने की चेतावनी भी दी गई है।
किसानों के लिए मौसम विभाग की अहम सलाह
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने किसानों को मौसम के हालात को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में पाले की आशंका है, ऐसे में फसलों को सुरक्षित रखने के लिए हल्की सिंचाई लाभदायक हो सकती है।
सब्जी वाली फसलों जैसे टमाटर और मिर्च को पाले से बचाने के लिए शाम के समय खेतों की उत्तर-पश्चिम दिशा में घास-फूस जलाकर धुआं करने या फसलों को प्लास्टिक शीट अथवा सरकंडे से ढंकने की सलाह दी गई है।
पशुपालकों के लिए भी चेतावनी
मौसम विभाग ने पशुपालकों को भी सतर्क रहने को कहा है। रात के समय पशुओं को खुले में न बांधें और उन्हें पक्के या ढके हुए शेड में रखें। दुधारू पशुओं के आहार में खनिज मिश्रण शामिल करने और अतिरिक्त ऊर्जा के लिए गुड़ या अतिरिक्त दाना देने की सलाह दी गई है। साथ ही, पशुओं को जमीन की ठंड से बचाने के लिए फर्श पर पुआल या सूखा चारा बिछाने की बात कही गई है।







