यमुनानगर | यमुनानगर जिले के बल्लेवाला गांव में स्थित एक कबाड़ी की दुकान में अचानक हुए जोरदार विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दुकान पर काम कर रहे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार कबाड़ी की दुकान में काम करने वाले पंकज और मोंटी स्क्रैप को आग पर सेक रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आकर पंकज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोंटी गंभीर रूप से झुलस गया। उसे पहले यमुनानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर चंडीगढ़ स्थित पीजीआई रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाके की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां गहरा गड्ढा बन गया। कबाड़ी दुकान के मालिक राजीव कुमार ने बताया कि दोनों युवक लंबे समय से उसकी दुकान में काम कर रहे थे। अचानक तेज धमाका हुआ और उन्हें पहले लगा कि कोई गैस सिलेंडर फट गया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम और डीएसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। आसपास के इलाके को कुछ समय के लिए सुरक्षित किया गया।
प्रतापनगर थाना प्रभारी नरसिंह ने बताया कि हादसा शाम करीब 6 बजे हुआ, जब दोनों युवक आग पर स्क्रैप सेक रहे थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मोटर के कैपेसिटर में आग लगने से विस्फोट हुआ हो सकता है, हालांकि अभी हादसे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया।







