रोहतक | जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के मद्देनज़र केंद्र और राज्य सरकारों ने राज्यभर में पढ़ रहे कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU), रोहतक में पढ़ रहे करीब 90 कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिनमें से 31 छात्र अब सीधे प्रशासन की निगरानी में हैं।
पुलिस को लिखा गया सुरक्षा बढ़ाने का पत्र
विश्वविद्यालय प्रशासन ने रोहतक पुलिस को औपचारिक पत्र भेजकर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने का अनुरोध किया है। यूनिवर्सिटी की सुरक्षा टीम ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय परिसर में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक सख्त कर दिया गया है।
केंद्र सरकार का दिशा-निर्देश
गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में हरियाणा की सभी यूनिवर्सिटीज को पत्र जारी कर कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद राज्य सरकार ने सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में विशेष सुरक्षा प्रबंध लागू करने के आदेश दिए हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को टाला जा सके।
विश्वविद्यालय ने उठाए कदम
MDU के सिक्योरिटी इंचार्ज ने बताया कि आतंकी घटना के बाद से छात्रों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन मिलकर छात्रों के आवासीय स्थानों और कक्षा क्षेत्रों में निगरानी रख रहे हैं।







