करनाल | जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए लेफ्टिनेंट विनय नरवाल का जन्मदिन आगामी 1 मई को है। उनके परिवार ने इस दिन को यादगार बनाने के लिए करनाल के सेक्टर-9 स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। परिजनों ने आमजन से इस पुण्य कार्य में भाग लेने की अपील की है।
परिवार की अपील: विनय को मिले शहीद का दर्जा
विनय नरवाल के पिता राजेश नरवाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए सरकार से अपने बेटे को शहीद का दर्जा देने की मांग की। उन्होंने कहा, “हर मां-बाप की यही इच्छा होती है कि उनके देश के लिए जान देने वाले बच्चे को सम्मान मिले। विनय का बलिदान देश के लिए था, उसे उसका हक मिलना चाहिए।“
“भाई का जन्मदिन यादगार बनाना है” – बहन सृष्टि
विनय की बहन सृष्टि नरवाल ने भावुक होकर कहा, “हमने भाई के जन्मदिन पर कई योजनाएं बनाई थीं, लेकिन अब हम इसे रक्तदान के माध्यम से मनाएंगे। सभी से हाथ जोड़कर अनुरोध है कि 1 मई को ब्लड डोनेशन कैंप में जरूर आएं और रक्तदान करें।”
सृष्टि ने आगे कहा, “विनय हमारे दिलों और आंखों में हमेशा शहीद ही रहेगा। सरकार से हमें कोई शिकायत नहीं, लेकिन जो सही हो, वो जरूर किया जाए।”
सेवा और प्रेरणा का प्रतीक बन रहा है यह दिन
रक्तदान शिविर के आयोजन का उद्देश्य लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की स्मृति को सेवा भाव से जोड़ना है। परिवार ने इस दिन को समाज के लिए समर्पित करने का निर्णय लेकर यह स्पष्ट कर दिया है कि देशभक्ति सिर्फ युद्धभूमि पर ही नहीं, समाजसेवा के रूप में भी जीवित रहती है।







