हिसार | हरियाणा में इस समय मौसम शुष्क बना हुआ है। हवाओं की दिशा में लगातार हो रहे बदलाव के कारण वातावरण में अस्थिरता बनी हुई है, जिसका असर तापमान पर भी देखा जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिन का तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस से लेकर 42.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।
सिरसा में सबसे अधिक तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं हिसार समेत 9 जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। रात के तापमान की बात करें तो यह 19.0 डिग्री सेल्सियस से 25.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने मई महीने के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते बड़े बदलाव की संभावना
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन के मुताबिक, आने वाले दिनों में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिससे पूरे क्षेत्र में मौसम में बड़े पैमाने पर बदलाव देखने को मिलेंगे। 29 अप्रैल को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्का परिवर्तन देखने को मिलेगा, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहेगा।
डॉ. मोहन ने बताया कि 2 मई तक हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में तापमान में निरंतर वृद्धि और पश्चिमी तथा दक्षिणी इलाकों में लू (हीटवेव) जैसी स्थितियां बन सकती हैं। इसके बाद मई के पहले पखवाड़े में बारिश, बूंदाबांदी, आंधी और तेज हवाओं के चलते मौसम में अचानक बड़ा बदलाव आने की संभावना जताई जा रही है।







