जींद | जिले के पिल्लूखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव भांभेवा में शुक्रवार सुबह एक अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव सुंदर ब्रांच नहर के पास पड़ा मिला, जिसे देख स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के समय ग्रामीणों ने जब नहर के समीप अधजले शव को देखा तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की उम्र लगभग 25 से 26 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या कर शव को जलाने की आशंका जताई जा रही है। शव के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला।
थाना प्रभारी दीवान सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से सबूत एकत्र किए हैं। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में मृतक की पहचान के लिए सूचना प्रसारित की है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हत्या की सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तफ्तीश को आगे बढ़ा रही है।
जींद के भांभेवा गांव में मिला अधजला शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप







