8 जनवरी,सिरसा–पिछले साल 2024 के अक्टूबर महीने में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल नहीं करने पर कांग्रेस ने अब EVM की जांच की मांग तेज कर दी है.हालांकि कांग्रेस की और से पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ,सिरसा की सांसद कुमारी शैलजा सहित कांग्रेस के तमाम विधायक , सांसद और नेतागण आरोप लगा रहे है कि भाजपा ने EVM में गड़बड़ी कर सरकार बनाई है।इसी कड़ी में सिरसा जिला के रानियां से कांग्रेस के उम्मीदवार सर्वमित्र ने भी शिकायत देकर रानियां हल्के में री काउंटिंग की मांग की है।
रानियां विधानसभा सीट पर कई बूथों की दोबारा से गिनती की मांग
हरियाणा में अक्टूबर माह में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव 2024 में जहां भाजपा ने पूर्ण बहुमत हासिल किया था.वहीं, कई सीटों पर कांग्रेस पार्टी के कई प्रत्याशियों की बहुत कम अंतर से हार हुई थी. ऐसे में कांग्रेस ने चुनाव आयोग को लिखित शिकायत दी थी और दोबारा काउंटिंग की अपील की थी.अब इसी के चलते सिरसा जिले की रानियां विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सर्वमित्र कंबोज ने रानियां विधानसभा सीट पर कई बूथों की दोबारा से गिनती की मांग की थी, जिसे चुनाव आयोग ने स्वीकार कर लिया है. ऐसे में अब कुछ बूथों पर ईवीएम की दोबारा गिनती होगी.
रानियां हलके के 9 बूथों की दोबारा काउंटिंग की जाएगी
दरअसल, रानियां सीट पर विधानसभा चुनाव के दौरान कड़ा मुकाबला देखने को मिला था और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के उम्मीदवार अर्जुन चौटाला ने जीत हासिल की थी. यहां पर कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार सर्वमित्र दूसरे नंबर पर रहे थे और वह 4191 वोटों से हारे थे.कांग्रेस प्रत्याशी सर्व मित्र कंबोज ने बताया कि उन्होंने चुनाव आयोग से कुछ बूथों पर गड़बड़ी की आशंका थी और दोबारा काउटिंग की मांग की थी.इसके लिए बाकायदा निर्धारित फीस भी जमा करवाई गई है. उधर, जिला प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किया गया है कि कुछ ही दिनों में रानियां हलके के 9 बूथों की दोबारा काउंटिंग की जाएगी. हालांकि, कांग्रेस के कई उम्मीदवारों ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में भी चुनावी रिट-पेटीशिन भी दाखिल की है कि विधानसभा के इस चुनावों में गड़बड़ी हुई है. इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट में भी कांग्रेस के कई उम्मीदवारों की तरफ से याचिका दायर की गई है.
इनेलो और कांग्रेस में कड़ा मुकाबला
गौरतलब है कि रानियां हलके से इनेलो और कांग्रेस में कड़ा मुकाबला हुआ.इनेलो प्रत्याशी अर्जुन चौटाला की जीत हुई थी, दूसरे नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी सर्व मित्र कंबोज और तीसरे नंबर पर आजाद प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री रणजीत चौटाला रहे थे. भाजपा प्रत्याशी शीशपाल कंबोज को चौथा स्थान मिला था.







