Home Haryana गौरव गौतम पर करन दलाल का तंज, बोले विधायक नहीं रहेंगे तो...

गौरव गौतम पर करन दलाल का तंज, बोले विधायक नहीं रहेंगे तो वेतन प्रेस क्लब को दे दूंगा

5
0

पलवल (सुन्दर कुंडू)। पलवल की राजनीति में पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता करन दलाल के एक बयान को लेकर चर्चा तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पलवल के विधायक एवं हरियाणा सरकार में खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम पर निशाना साधते नजर आ रहे हैं। पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए करन दलाल ने तंज कसते हुए कहा कि कुछ दिनों बाद गौरव गौतम अपने नाम के आगे मंत्री तो दूर, पूर्व विधायक भी नहीं लिख पाएंगे।

करन दलाल ने आगे कहा कि जब गौरव गौतम विधायक ही नहीं रहेंगे तो उन्हें मिलने वाला वेतन भी बंद हो जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायक के तौर पर मिलने वाली तनख्वाह उनके खाते में आएगी तो वह पूरी राशि प्रेस क्लब को दे देंगे। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है और इसे लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में पलवल सीट पर कांग्रेस की टिकट से करन दलाल और भाजपा की ओर से गौरव गौतम आमने-सामने थे। चुनाव में गौरव गौतम ने जीत दर्ज की थी, जबकि करन दलाल को हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव परिणाम के बाद करन दलाल ने गौरव गौतम के निर्वाचन को अदालत में चुनौती दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि चुनाव प्रचार के दौरान धर्म के नाम पर वोट मांगे गए थे। यह मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है।

करन दलाल के इस ताजा बयान को लेकर पलवल की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर लोग भी अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here