Home Haryana रोहतक में खूनी गैंगवार: मिलन ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग, चार युवकों की...

रोहतक में खूनी गैंगवार: मिलन ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग, चार युवकों की हत्या

5
0

रोहतक। (अंकुर कपूर) रोहतक में देर रात खूनी वारदात को अंजाम देते हुए हथियारबंद बदमाशों ने एक ढाबे पर खाना खा रहे चार युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित मिलन ढाबे की है। रात करीब साढ़े 12 बजे हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बदमाशों ने इतनी बेखौफी से वारदात को अंजाम दिया कि पुलिस चौकी नजदीक होने के बावजूद उन्हें किसी तरह का डर नजर नहीं आया।

जानकारी के अनुसार, पांच हथियारबंद बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर मिलन ढाबे पर पहुंचे। उस समय चारों युवक ढाबे पर बैठकर खाना खा रहे थे। बदमाशों ने वहां पहुंचते ही उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए वहां मौजूद लोग टेबल और कुर्सियों के पीछे छिपने लगे। गोलीबारी में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि चौथा युवक बदमाशों से बचने के लिए मौके से भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और उसे भी गोलियों से भून दिया। इस तरह चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए कई मिनट तक घटनास्थल के आसपास घूमते रहे और फिर अपनी कार में सवार होकर फरार हो गए।

मृतकों में तीन युवक झज्जर जिले के डीघल गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि चौथा युवक बेरी क्षेत्र का निवासी बताया गया है। घटना की सूचना मिलते ही रोहतक पुलिस रेंज के आईजी हामिद अख्तर आधी रात को घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी गौरव राजपुरोहित समेत जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

पुलिस की सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल की टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।

प्रारंभिक तौर पर इस वारदात को भाऊ रिटोलिया और सन्नी रिटोलिया के बीच चल रही गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here