गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे पर रात धनवापुर गोलचक्कर के पास एक तेज रफ्तार स्कोडा कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के दौरान कार गोलचक्कर की ग्रिल तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। दुर्घटना में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आईं। राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
जानकारी के अनुसार, एक परिवार स्कोडा कार से गुरुग्राम आया था। रात करीब 10:15 बजे परिवार कार से दिल्ली लौट रहा था। जब कार द्वारका एक्सप्रेसवे पर धनवापुर गोलचक्कर के पास पहुंची तो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार पलटियां खाते हुए गोलचक्कर की ग्रिल तोड़कर अंदर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास से गुजर रहे वाहन चालक रुक गए और घायलों की सहायता के लिए आगे आए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने पलटी हुई कार को सीधा किया, जबकि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस घायलों के बयान दर्ज करने के लिए अस्पताल भी पहुंची।
पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जानकारी में कार की तेज रफ्तार के कारण चालक का नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस घायलों के बयान और घटनास्थल से जुटाए गए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।







