भिवानी। गांव सांगा के राजकीय स्कूल में तीन साल से लंबित पड़ी साइंस लैब का निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने मंगलवार को स्कूल के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया। विद्यार्थियों के समर्थन में सीजेपी कार्यकर्ता भी धरने पर बैठे। प्रदर्शन के दौरान शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और सरकारी स्कूलों में सुविधाओं की कमी को लेकर सवाल उठाए गए।
सीजेपी कार्यकर्ता सुधीर सांगवान और लोकेश भिवानी ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद कई स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि गांव सांगा के सरकारी स्कूल में साइंस लैब का काम लंबे समय से अधूरा पड़ा है। विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के लिए प्रयोगशाला शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। लैब की सुविधा नहीं होने से विद्यार्थियों को प्रायोगिक शिक्षा हासिल करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि लंबित निर्माण कार्य को जल्द पूरा कर विद्यार्थियों को साइंस लैब की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
सुधीर सांगवान और लोकेश भिवानी ने कहा कि सीजेपी की ओर से सरकारी स्कूलों की स्थिति का जायजा लेने और उनकी समस्याओं को सामने लाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान कई स्कूलों में भवनों की जर्जर स्थिति और विद्यार्थियों के लिए जरूरी संसाधनों की कमी सामने आने का दावा किया गया है।
उन्होंने कहा कि जहां कई सरकारी स्कूलों के भवनों की स्थिति चिंताजनक है और विद्यार्थियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं, वहीं विज्ञान विषय पढ़ने वाले विद्यार्थियों को प्रयोगशाला जैसी आवश्यक सुविधा भी नहीं मिल पा रही है। ऐसे हालात में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और व्यावहारिक शिक्षा उपलब्ध कराने के दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
धरने पर बैठे विद्यार्थियों ने मांग की कि स्कूल की साइंस लैब का अधूरा काम जल्द से जल्द पूरा कराया जाए और सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।







