झज्जर | सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच शहरों में कूड़ा उठाने पहुंची प्रशासनिक टीम और प्रदर्शनकारी कर्मचारियों के बीच देर रात तनाव बढ़ गया। बहादुरगढ़ में रात करीब दो बजे प्रशासन और पुलिस की टीम कूड़ा उठाने पहुंची तो हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प की स्थिति बन गई।
तनाव बढ़ने पर पुलिस ने कर्मचारियों को मौके से हटाने के लिए बल प्रयोग किया और कई सफाई कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कुछ कर्मचारी घायल हो गए। घायलों को मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल भेजे जाने की सूचना है।
घटना के दौरान महिला सफाई कर्मचारियों को हिरासत में लेने के तरीके को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में एक महिला सफाई कर्मचारी को पुलिसकर्मी घसीटते हुए ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में महिला कर्मचारी पुलिस कार्रवाई का विरोध करती नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों में रोष और बढ़ गया है।
बताया जा रहा है कि प्रशासनिक टीम जैसे ही कूड़ा उठाने के लिए आगे बढ़ी, प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान कर्मचारियों की ओर से कूड़ा फेंके जाने की बात भी सामने आई, जिसके बाद स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने कर्मचारियों को पीछे हटाने के लिए कार्रवाई की।
बहादुरगढ़ के बाद झज्जर में भी देर रात तक प्रशासन और सफाई कर्मचारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। यहां शाम करीब पांच बजे शुरू हुआ कूड़ा उठाने का अभियान देर रात से लेकर सुबह तक जारी रहा। प्रशासनिक टीमें शहर से कूड़ा हटाने में जुटी रहीं, जबकि हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारी भी विरोध के लिए मौके पर डटे रहे।
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच कूड़ा उठाने को लेकर लगातार कई स्थानों पर प्रशासन और कर्मचारियों के बीच टकराव की स्थिति सामने आ रही है। बहादुरगढ़ और झज्जर में हुई ताजा घटनाओं के बाद पुलिस कार्रवाई, बल प्रयोग और महिला कर्मचारी को हिरासत में लेने के तरीके को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात हैं, जबकि सफाई कर्मचारियों का विरोध जारी है।







