Home Haryana शामली में पुलिस मुठभेड़: अंकित बालियान हत्याकांड के दो शूटर ढेर

शामली में पुलिस मुठभेड़: अंकित बालियान हत्याकांड के दो शूटर ढेर

2
0

शामली। शामली कोतवाली क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे दो शूटर मारे गए। दोनों बदमाशों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में पुलिस की गाड़ी को भी गोली लगी, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

एसपी एनपी सिंह के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शूटर शामली की ओर आ रहे हैं। सूचना के बाद जिले के सभी संबंधित थानों की पुलिस को अलर्ट किया गया और बदमाशों की तलाश में अभियान शुरू किया गया। पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश मन्ना माजरा की तरफ भाग निकले।

पुलिस के अनुसार, होटल राजमहल के पास पहुंचने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पुलिस की गाड़ी में भी लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों को गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में घायल दोनों पुलिसकर्मियों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मृत बदमाशों की पहचान सुमित पुत्र धर्मपाल और मोहित निवासी राझड़ा, सोनीपत, हरियाणा के रूप में की है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी एनपी सिंह समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

अंकित बालियान के पिता सत्यवीर उर्फ सतबीर फौजी भी मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि दो बदमाशों के मारे जाने से परिवार को अभी आधा इंसाफ मिला है। उन्होंने हत्याकांड में शामिल अन्य सभी आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की।

अंकित बालियान की पत्नी सीमा ने कहा कि परिवार ने जो खोया है, उसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। हालांकि, दो बदमाशों के मारे जाने से उन्हें कुछ हद तक इंसाफ मिलने का एहसास हुआ है। उन्होंने भी मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब दोनों बदमाशों के आपराधिक रिकॉर्ड और अंकित बालियान हत्याकांड में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here