Home Haryana सफाई के नाम पर करोड़ों खर्च, फिर भी बदहाल है पलवल शहर:...

सफाई के नाम पर करोड़ों खर्च, फिर भी बदहाल है पलवल शहर: अनूप पाराशर

2
0

पलवल (सुंदर कुंडू)। पलवल शहर की खराब सफाई व्यवस्था और जर्जर सड़कों को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा है। कांग्रेस के पलवल ब्लॉक अध्यक्ष अनूप पाराशर ने आरोप लगाया कि शहर में सफाई व्यवस्था के नाम पर हर महीने करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, इसके बावजूद जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं और लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।

अनूप पाराशर ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल करीब 20 दिनों से जारी है, लेकिन सरकार और प्रशासन की ओर से उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अब तक गंभीर पहल नहीं की गई। कर्मचारियों से बातचीत नहीं होने का सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कूड़ा नहीं उठने के कारण कई इलाकों में गंदगी की स्थिति गंभीर होती जा रही है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार जनसुविधाओं को बेहतर करने के बजाय सरकारी धन को मूर्तियां लगाने जैसे कार्यों पर खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि शहर की टूटी सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है।

उन्होंने सरकार और प्रशासन से सफाई कर्मचारियों के साथ तत्काल बातचीत कर हड़ताल समाप्त कराने की मांग की। साथ ही शहर में नियमित सफाई व्यवस्था बहाल करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत कराने की अपील की।

अनूप पाराशर ने चेतावनी दी कि यदि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और शहर की सफाई व सड़क व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर अपना आंदोलन तेज करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीतिक गतिविधियों से अधिक जनता की बुनियादी जरूरतों और शहर की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।

इस दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता महावीर तंवर, बडौली ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश बघेल, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मुकुल देशवाल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here