Home Crime नशे के लिए पैसे न मिलने पर भाई की हत्या, कांच की...

नशे के लिए पैसे न मिलने पर भाई की हत्या, कांच की बोतल से गला रेतने का आरोप

3
0
Screenshot

करनाल: शहर की रास रेजिडेंसी में बुधवार देर रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नशे के लिए पैसे न मिलने से नाराज एक युवक ने कथित तौर पर अपने ही सगे भाई पर टूटी हुई कांच की बोतल से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

मृतक की पहचान 28 वर्षीय कमल शर्मा के रूप में हुई है, जो रास रेजिडेंसी में अपने परिवार के साथ रहता था। कमल विवाहित था और खेती-बाड़ी का काम करता था। परिवार मूल रूप से समाना बाहू गांव का निवासी बताया गया है। वहीं, आरोपी भाई कपिल बेरोजगार है और प्रारंभिक जांच में उसके लंबे समय से नशे का आदी होने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात कपिल ने अपने भाई कमल से नशे के लिए पैसे मांगे थे। कमल द्वारा पैसे देने से इनकार किए जाने पर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पास पड़ी टूटी हुई कांच की बोतल से कमल के गले पर हमला कर दिया। हमले में कमल गंभीर रूप से घायल हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।

घटना के समय उनकी मां भी घर में मौजूद थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल कमल को तत्काल कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

सूचना मिलने पर सेक्टर-32/33 थाना पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची तथा जांच शुरू की। पुलिस ने फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य और नमूने एकत्र किए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवा दिया है। थाना प्रभारी जगदीश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी और मृतक के सगे भाई होने की पुष्टि हुई है। प्रथम दृष्टया मामला नशे के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here