गुरुग्राम। राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुग्राम पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष सत्यापन अभियान के तहत अवैध रूप से रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दो दिनों के विशेष अभियान के दौरान इन सभी को विभिन्न स्थानों से हिरासत में लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने जिले में निर्माणाधीन परियोजनाओं, श्रमिक बस्तियों और झुग्गी क्षेत्रों में गहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान 13 ऐसे लोगों की पहचान हुई जो बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहे थे। जांच के दौरान इनके पास से बांग्लादेशी नागरिकता से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए।
पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले स्थित कालियागंज बॉर्डर के रास्ते एक बांग्लादेशी एजेंट की मदद से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे। यहां आने के बाद उन्होंने अपनी पहचान छिपाकर श्रमिक के रूप में विभिन्न स्थानों पर काम करना शुरू कर दिया और लंबे समय से क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस का कहना है कि सभी बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उन्हें उनके देश वापस भेजने के लिए डिपोर्टेशन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।







