Home Haryana गुरुग्राम में एचएसवीपी की बड़ी कार्रवाई: सेक्टर-21 में सरकारी जमीन से हटाया...

गुरुग्राम में एचएसवीपी की बड़ी कार्रवाई: सेक्टर-21 में सरकारी जमीन से हटाया अतिक्रमण

4
0

गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने दिल्ली-गुरुग्राम सीमा से सटे सेक्टर-21 में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए करीब पौने एकड़ सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को हटाया।

जानकारी के अनुसार, सेक्टर-21 से लगे दिल्ली के सालापुर गांव के कुछ लोगों ने एचएसवीपी की जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जा कर रखा था। यहां सात कच्चे कमरे बनाकर उन्हें किराये पर दिया गया था। स्थानीय आरडब्ल्यूए लगातार इस अतिक्रमण को हटाने की मांग कर रही थी। लोगों का कहना था कि कब्जे की वजह से इलाके में गंदगी बढ़ रही थी और बाहरी लोगों की आवाजाही से सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी पैदा हो रही थीं।

एचएसवीपी के संपदा अधिकारी-1 राकेश सैनी के निर्देश पर दोपहर तोड़फोड़ दस्ता मौके पर पहुंचा और जेसीबी मशीनों की सहायता से कार्रवाई शुरू की गई। अभियान के दौरान कुछ कब्जाधारियों ने विरोध जताया और दिल्ली पुलिस को मौके पर बुला लिया। इसके चलते कुछ समय के लिए कार्रवाई रोकनी पड़ी।

हालांकि, एचएसवीपी अधिकारियों ने जमीन से संबंधित दस्तावेज पुलिस को दिखाए, जिसके बाद पुलिस वापस लौट गई और दोबारा अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू कर दिया गया। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को खाली कराकर सरकारी कब्जे में ले लिया।

पूरे अभियान के दौरान नायब तहसीलदार जगदीश बिश्नोई ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा कार्यवाहक उपमंडल अधिकारी गौरव यादव, कनिष्ठ अभियंता ललित हंस, पटवारी गुरदीप और संजीव यादव सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर तैनात रहे।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए मांग की है कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए इलाके में चारदीवारी बनाई जाए और नियमित निगरानी रखी जाए।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here