Home Crime जींद में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा: ‘लीवर टॉनिक’ के बिल में...

जींद में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा: ‘लीवर टॉनिक’ के बिल में छिपी थी 80 पेटी अंग्रेजी शराब, चालक गिरफ्तार

2
0

जींद | हरियाणा के जींद में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के एक अनोखे तरीके का पर्दाफाश किया है। जांच के दौरान एक टेंपो से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसे दस्तावेजों में ‘लीवर टॉनिक’ बताया गया था।

आबकारी निरीक्षक मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम हांसी रोड पर वाहनों की जांच कर रही थी, तभी एक टेंपो को रोका गया। चालक ने जब सामान का बिल प्रस्तुत किया तो उसमें 80 पेटियों में लीवर टॉनिक दर्ज था। संदेह होने पर जब टीम ने पेटियों की जांच की तो अंदर अंग्रेजी शराब के पव्वे भरे मिले।

वाहन से कुल 80 पेटियों में 6832 अंग्रेजी शराब के पव्वे बरामद किए गए। इनमें 27 पेटियों में ‘ओल्ड हेबिट व्हिस्की’ के 2592 पव्वे और 58 पेटियों में ‘ब्ल्यू स्ट्रोक’ ब्रांड की शराब के 4240 पव्वे शामिल थे। सभी बोतलों पर केवल चंडीगढ़ और यूटी क्षेत्र में बिक्री के लिए लेबल लगा हुआ था।

आबकारी विभाग के अनुसार, पकड़ा गया चालक नई दिल्ली के बुराड़ी स्थित कौशिक इन्क्लेव निवासी समदीश है, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों में की जानी थी। फिलहाल टेंपो और बरामद शराब को कब्जे में लेकर जांच जारी है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here