चंडीगढ़। हरियाणा में आज मौसम के बिगड़ने के आसार हैं, जहां तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ ओले गिरने की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कुछ हिस्सों में अधिक तीव्र मौसम गतिविधियों को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। आज के अलावा कल भी हरियाणा के अधिकांश क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ जिलों में ओलावृष्टि का खतरा बना रहेगा।
बीते दिनों हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में तेज आंधी का असर देखने को मिला था। हिसार में रात के समय अच्छी बारिश दर्ज की गई। इससे पहले 31 मार्च को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि हुई थी, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा है। अनुमान के अनुसार, करीब 100 गांवों में गेहूं, सरसों और चने की फसल प्रभावित हुई है।
मौसम में बदलाव के बीच राज्य के तापमान में भी हल्का उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। न्यूनतम तापमान में लगभग 1.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है और यह सामान्य के आसपास बना हुआ है, जबकि दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस महीने हरियाणा में औसतन 17.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से अधिक है। कुल मिलाकर प्रदेश में लगभग 19 प्रतिशत ज्यादा वर्षा हुई है। मार्च माह में रोहतक में सबसे अधिक 37.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, इसके बाद रेवाड़ी में 36.8 मिमी, चरखी दादरी में 36.0 मिमी, भिवानी में 26.8 मिमी और पलवल में 23.0 मिमी बारिश दर्ज की गई।







