Home Haryana हरियाणा में अचानक बारिश से बदला मौसम, दिन का तापमान 7 डिग्री...

हरियाणा में अचानक बारिश से बदला मौसम, दिन का तापमान 7 डिग्री तक गिरा

8
0

जींद  | फरवरी के मध्य में हरियाणा में अचानक हुई झमाझम बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। मौसम में बदलाव के कारण दिन का तापमान कई जिलों में सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार औसत अधिकतम तापमान में 6.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। सबसे ज्यादा गिरावट हिसार में दर्ज की गई, जहां तापमान 7.1 डिग्री तक कम हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, जिससे रात के समय हल्की गर्मी महसूस की जा रही है।

बीते बुधवार को जींद, हिसार, हांसी, कैथल, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, भिवानी, फतेहाबाद, पलवल, फरीदाबाद, नूंह और नारनौल जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में आज कोई बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन बादलों की मौजूदगी के कारण दिन का तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है।

विभाग का अनुमान है कि 19 फरवरी से 23 फरवरी के बीच मौसम अपेक्षाकृत खुश्क रहेगा और उत्तर व उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के कारण तापमान में हल्की उतार-चढ़ाव रह सकती है।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। करनाल में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री, हिसार और नारनौल में 14.5 डिग्री, भिवानी में 14.0 डिग्री, जींद में 15.4 डिग्री, गुरुग्राम में 15.2 डिग्री और रोहतक में 15.8 डिग्री रहा। लगातार बादलों और रात में बढ़ी नमी के कारण लोगों को ठंड में थोड़ी कमी महसूस हो रही है।

मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और सड़क पर गाड़ी चलाते समय बरसात और ओले के कारण फिसलन का ध्यान रखने की सलाह दी है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here