Panchkula,4 January-:सनातन धर्म की भक्ति, ज्ञान और संस्कारों की दिव्य परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से श्री राम सेवादार ट्रस्ट पंचकूला द्वारा 5 से 11 जनवरी 2026 तक श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह सात दिवसीय आयोजन पंचकूला के सेक्टर-16 स्थित अग्रवाल भवन में संपन्न होगा, जिसमें शहर सहित ट्राई-सिटी के हजारों श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है।
अग्रवाल भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों मुकेश बंसल,राज मित्तल,राकेश गोयल, पुनीत बंसल सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि श्रीमद्भागवत महापुराण को सनातन परंपरा में पंचम वेद के समान माना गया है, जो मानव जीवन को धर्म,अर्थ,काम और मोक्ष के मार्ग पर अग्रसर करता है। कथा का वाचन श्रीधाम वृंदावन से पधारे प्रसिद्ध कथा व्यास हित शरण अतुल कृष्ण शास्त्री महाराज प्रतिदिन सायं 3 बजे से 7 बजे तक करेंगे।
कलश यात्रा से होगा शुभारंभ
कथा महोत्सव का शुभारंभ सोमवार, 5 जनवरी को दोपहर 1 बजे श्री रघुनाथ मंदिर, सेक्टर-15 से अग्रवाल भवन, सेक्टर-16 तक भव्य कलश यात्रा के साथ किया जाएगा। इसके पश्चात ध्वजारोहण एवं विधिवत पूजन संपन्न होगा।
सातों दिनों का कथा कार्यक्रम
5 जनवरी: श्रीमद्भागवत महात्म्य
6 जनवरी: श्रीकृष्ण–कुंती संवाद, भीष्म स्तुति, शुकदेव जी आगमन
7 जनवरी: कपिलोपाख्यान, ध्रुव एवं जड़ भरत चरित्र
8 जनवरी: प्रह्लाद चरित्र, वामन अवतार, श्रीराम जन्म व श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
9 जनवरी: श्रीकृष्ण बाल लीला, गिरिराज लीला, अन्नकूट उत्सव
10 जनवरी: महारास लीला, मथुरा गमन, श्रीकृष्ण–रुक्मणी विवाह
11 जनवरी: द्वारिका लीला, सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष एवं भव्य नाम संकीर्तन (कथा विश्राम)
इस वर्ष विशेष आकर्षण के रूप में श्रीराम जन्मोत्सव को भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की भांति भव्य रूप से मनाया जाएगा, जिससे राम-नाम और कृष्ण-भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिलेगा।
नित्य पूजन और भजन संध्या
प्रतिदिन प्रातः 8 बजे नित्य पूजन व धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।कथा के दौरान ट्राई-सिटी के प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भजन संध्या भी प्रस्तुत की जाएगी,जिनमें वंदना दीदी (चंडीगढ़), सविता गर्ग (सावी),सुषमा शर्मा, मोनिका दीदी, मनीष शर्मा, हरीश अरोड़ा सहित अन्य कलाकार शामिल रहेंगे।







