कैथल | हरियाणा के उच्चतर शिक्षा क्षेत्र में बड़ा बदलाव आने वाला है। राज्य के 22 सरकारी कॉलेजों को जल्द ही मॉडल संस्कृति कॉलेज के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें कैथल का डॉ. बीआर आंबेडकर गवर्नमेंट कॉलेज भी शामिल है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने इस दिशा में आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इसे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इन कॉलेजों में शैक्षणिक गुणवत्ता, आधुनिक सुविधाएं और प्रशिक्षित शिक्षक उपलब्ध होंगे। मॉडल संस्कृति कॉलेजों का उद्देश्य सरकारी कॉलेजों को निजी संस्थानों के समकक्ष बनाना है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता न पड़े। इन कॉलेजों में नई शिक्षा नीति के अनुरूप रोजगारोन्मुख और कौशल आधारित पाठ्यक्रम भी लागू किए जाएंगे।
मॉडल संस्कृति कॉलेजों में साइंस, कॉमर्स, आर्ट्स के पारंपरिक विषयों के साथ-साथ स्किल डेवलपमेंट, आईटी, डेटा एनालिटिक्स, पर्यावरण अध्ययन, स्टार्टअप और उद्यमिता जैसे आधुनिक और रोजगारोन्मुख कोर्स भी शुरू किए जाएंगे। इससे छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ भविष्य की तैयारी का अवसर मिलेगा।
मॉडल संस्कृति कॉलेज बनने वाले कॉलेजों की सूची:
| जिला | कॉलेज का नाम |
| कैथल | डॉ. बीआर आंबेडकर गवर्नमेंट कॉलेज, कैथल |
| अंबाला | गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, अंबाला कैंट |
| भिवानी | गवर्नमेंट कॉलेज |
| चरखी दादरी | गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वूमेन, बाढ़रा |
| फरीदाबाद | पंडित जवाहरलाल नेहरू गवर्नमेंट कॉलेज |
| फतेहाबाद | गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वूमेन, बोडिया खेड़ा |
| गुरुग्राम | द्रोणाचार्य गवर्नमेंट कॉलेज |
| हिसार | गवर्नमेंट कॉलेज |
| झज्जर | गवर्नमेंट कॉलेज |
| जींद | गवर्नमेंट कॉलेज |
| करनाल | पंडित चिरंजीलाल शर्मा गवर्नमेंट कॉलेज |
| कुरुक्षेत्र | गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल |
| नारनौल | गवर्नमेंट कॉलेज |
| पलवल | गवर्नमेंट कॉलेज |
| पंचकूला | गवर्नमेंट पीजी कॉलेज सेक्टर-1 |
| पानीपत | गवर्नमेंट कॉलेज |
| नूंह | गवर्नमेंट कॉलेज नगीना |
| रेवाड़ी | गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वूमेन |
| रोहतक | पंडित नेकीराम शर्मा गवर्नमेंट कॉलेज |
| सिरसा | गवर्नमेंट नेशनल कॉलेज |
| सोनीपत | गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वूमेन, गोहाना |
| यमुनानगर | गवर्नमेंट कॉलेज छछरौली |
विशेषज्ञ की राय:
डॉ. बीआर आंबेडकर गवर्नमेंट कॉलेज कैथल के प्रिंसिपल डॉ. मनोज भांभू ने बताया कि मॉडल संस्कृति कॉलेज बनने के बाद कॉलेज में आधुनिक लैब, नई सुविधाएं और नए कोर्स उपलब्ध होंगे। इस कॉलेज को मॉडल बनाने के बाद अन्य कॉलेजों को भी इसी दिशा में विकसित किया जाएगा।







