चरखी दादरी। जिले के गांव निमड़-बडेसरा में गुरुवार देर रात रास्ते के विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। संघर्ष में 27 वर्षीय मंदीप की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर चार नामजद समेत आठ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मृतक के पिता कर्मबीर, जो स्वयं भी घायल हैं, ने बताया कि पिछले एक साल से उनका अपने सगे भाई हरपाल के साथ जमीन, रास्ता और ट्यूबवेल को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों परिवार खेत में बने मकानों में पास-पास रहते हैं।
कर्मबीर के अनुसार, गुरुवार रात हरपाल का बेटा सचिन गाड़ी लेकर आया और उनके घर के सामने बंधी भैंस को टक्कर मार दी। जब उन्होंने विरोध किया तो गाड़ी से 10-12 लोग उतरकर कुल्हाड़ी, लाठी और डंडों से हमला करने लगे। हमले में मंदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कर्मबीर, उनकी पत्नी कमलेश, बेटी सुनीता और भतीजा प्रदीप घायल हो गए।
सूचना मिलने पर बाढड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहीं मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







