चंडीगढ़ | हरियाणा में एक बार फिर बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला में बारिश के आसार हैं। वहीं, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा और फतेहाबाद में भी बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि यह बारिश का सिलसिला 18 जुलाई तक जारी रहेगा। लगातार बारिश की वजह से राज्य के तापमान में गिरावट आई है और अधिकतम तापमान में औसतन 1.9 डिग्री की कमी दर्ज की गई है।
बारिश के कारण जनजीवन पर भी असर पड़ रहा है। नूंह जिले में सोमवार को तेज बारिश के चलते तीन मकान ढह गए, जिसमें एक आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।
अब तक यमुनानगर में सबसे ज्यादा 365.3 मिमी, महेंद्रगढ़ में 340.6 मिमी और रेवाड़ी में 301.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। राज्य में इस बार अब तक औसतन 162.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 38 प्रतिशत अधिक है।







