यमुनानगर | जिले के नाहरपुर गांव में रविवार सुबह आसमान से आई आफत ने एक बड़ा हादसा जन्म दिया। तेज गर्जना के साथ गिरी आकाशीय बिजली ने गांव के एक पोल्ट्री फार्म की दो मंजिला इमारत को चपेट में ले लिया, जिससे पूरी इमारत धराशायी हो गई।
हादसे में फार्म के भीतर मौजूद करीब 12 से 13 हजार चूजे मलबे में दबकर मर गए। पोल्ट्री फार्म संचालक ने बताया कि इस त्रासदी से उन्हें करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। उनका कहना है कि वह लंबे समय से इस व्यवसाय से जुड़े थे और अंडों की आपूर्ति मिलिट्री एरिया तक होती थी, जो अब रुक गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और पशुपालन विभाग की डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीन बुलाई गई है और ग्रामीणों की मदद से कार्रवाई जारी है। हालांकि डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि सभी चूजों की मौत हो चुकी है।
पशु चिकित्सक की प्रारंभिक जांच के अनुसार इमारत पर सीधी बिजली गिरने से यह हादसा हुआ। हादसे के वक्त क्षेत्र में हल्की बारिश भी हो रही थी।
वहीं, प्रशासन ने नुकसान का जायजा लेना शुरू कर दिया है और रिपोर्ट तैयार की जा रही है। पोल्ट्री संचालक ने सरकार से मुआवजे की मांग की है ताकि वे दोबारा व्यवसाय शुरू कर सकें। राहत की घोषणा की संभावना जताई जा रही है।







