पंचकूला। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह पंचकूला में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर निशांत सरीन, डॉ. कोमल खन्ना और एक फर्जी आईबी अधिकारी विनय अग्रवाल के आवासों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई सुबह करीब 4 बजे शुरू हुई, जो अब भी जारी है।
ईडी की टीमें पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित सनसिटी परिक्रमा सोसाइटी में मौजूद इन व्यक्तियों के आवासों पर तलाशी ले रही हैं। सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जांच के तहत की जा रही है।
2019 में दर्ज हुआ था केस
गौरतलब है कि पूर्व असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर निशांत सरीन के खिलाफ वर्ष 2019 में हरियाणा विजिलेंस विभाग ने भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था। उन पर आरोप था कि उन्होंने फार्मा कंपनियों से घूस ली थी। उसी केस से जुड़ी कड़ियों की जांच अब प्रवर्तन निदेशालय कर रहा है।
ईडी की कार्रवाई पर निगाहें
फिलहाल ईडी की टीम सभी दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज़ की जांच कर रही है। तीनों व्यक्तियों के खिलाफ कौन-कौन से आरोप हैं और किन पहलुओं को लेकर छानबीन की जा रही है, इस संबंध में एजेंसी द्वारा अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।







