Home Crime पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की पुलिस...

पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की पुलिस रिमांड समाप्त, पूछताछ में सामने आए अहम खुलासे

99
0

चंडीगढ़ | पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की पुलिस रिमांड आज समाप्त हो रही है। जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं। पूछताछ में ज्योति ने स्वीकार किया है कि वह पाकिस्तानी अधिकारियों के संपर्क में थी और कथित रूप से उनके साथ करीबी संबंध बनाकर भारत विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हो गई थी।

पुलिस के अनुसार, बरामद व्हाट्सऐप चैट से यह भी सामने आया है कि ज्योति ने एक आईएसआई अधिकारी से पाकिस्तान में विवाह करने की इच्छा जताई थी। पूछताछ में चार बैंक खातों का भी पता चला है, जिनके लेन-देन की जांच की जा रही है।

दो बार पाकिस्तान यात्रा, खुफिया अधिकारियों से मुलाकात का दावा

ज्योति मल्होत्रा का यूट्यूब चैनल ‘Travel With Jo’ नाम से चलता है। जानकारी के अनुसार, 2023 में वह पाकिस्तान यात्रा की योजना के तहत दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग गई थीं, जहां उनकी मुलाकात अहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश नामक व्यक्ति से हुई। दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और बाद में यह संबंध घनिष्ठ हो गया।

पुलिस को दिए गए बयान में ज्योति ने बताया कि वह दो बार पाकिस्तान की यात्रा कर चुकी है। वहां, दानिश के कहने पर उसने अली हसन नामक व्यक्ति से मुलाकात की, जिसने उसके ठहरने और भ्रमण की व्यवस्था की थी। अली हसन ने ही उसे आईएसआई अधिकारियों से मिलवाया, जिनमें शाकिर और राणा शहबाज का नाम प्रमुख है।

ज्योति ने आगे बताया कि लौटने के बाद भी वह व्हाट्सऐप, स्नैपचैट और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए पाकिस्तान के संपर्कों में बनी रही और भारत से संबंधित संवेदनशील जानकारियाँ साझा करती रही।

वर्तमान में पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के साथ बैंक लेन-देन का विश्लेषण जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here