Home Crime अमेरिका में दिल का दौरा पड़ने से जींद के युवक की मौत,...

अमेरिका में दिल का दौरा पड़ने से जींद के युवक की मौत, परिवार शव लाने को जुटा रहा मदद

251
0

जींद | जींद जिले के अलेवा गांव के रहने वाले 26 वर्षीय युवक नवीन चहल की अमेरिका में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। नवीन तीन साल पहले डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था। 2 मई को कैलिफोर्निया में उसे अचानक दिल में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अब परिजन शव को भारत लाने के लिए प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं।

35 लाख में भेजा था बेटा, अब शव लाने के लिए भी नहीं पैसे

नवीन के भाई बलराज चहल के मुताबिक, परिवार ने 2022 में करीब 30 से 35 लाख रुपये खर्च कर नवीन को अमेरिका भेजा था। यह पैसा परिवार की जमा-पूंजी और ब्याज पर लिए कर्ज से जुटाया गया था। करीब आठ महीने तक संघर्ष करने के बाद नवीन को वहां ट्रक ड्राइवर की नौकरी मिली थी। नवीन परिवार में सबसे छोटा था, उसके दो बड़ी बहनें और एक बड़ा भाई है।

आखिरी बातचीत में बताया था हाथ में दर्द

परिजनों के अनुसार, नवीन से आखिरी बार 1 मई की रात को फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें उसने हाथ में तेज दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद उसके दोस्तों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन अगली सुबह उसकी मौत की सूचना मिली।

30 लाख का खर्च, परिवार असहाय

शव को भारत लाने में अनुमानित 30 लाख रुपये का खर्च आएगा। परिवार के पास केवल 2 एकड़ खेती योग्य जमीन है, जिससे उनका गुजर-बसर होता है। ऐसे में अब वे जिला प्रशासन और सरकार से आर्थिक सहायता की अपील कर रहे हैं, ताकि नवीन का पार्थिव शरीर स्वदेश लाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here