Home Haryana बदलाव जनसभा से अरविन्द केजरीवाल ने किया चुनावी शंखनाद…बोले मेरी 5...

बदलाव जनसभा से अरविन्द केजरीवाल ने किया चुनावी शंखनाद…बोले मेरी 5 मांगें मान लें, मैं राजनीति छोड़ दूंगा

123
0
जींद : चन्द्रिका ( TSN)-आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान ने बदलाव जनसभा  से  विधानसभा और लोकसभा चुनाव को लेकर हुंकार भरी । जींद के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित बदलाव जनसभा में  अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी  हरियाणा में विधानसभा चुनाव अकेली लड़ेगी । उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन के साथ बातचीत जारी है ।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यदि भाजपा सरकार उनकी पांच मांग पूरी कर दे तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। उन्होंने कहा कि  हरियाणा के लोग सभी पार्टियों से दुखी हो चुके हैं, 75 साल में सभी पार्टियों को देख लिया, लेकिन सभी पार्टियों ने अपना घर भरने की बजाय कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि  आज लोगों को केवल आम आदमी पार्टी पर भरोसा है, क्योंकि हरियाणा के एक तरफ पंजाब तो दूसरी तरफ दिल्ली है। अब पूरा हरियाणा बड़ा बदलाव मांग रहा है, जैसे दिल्ली की जनता ने बड़ा बदलाव किया।
मेरे पास डिग्री भी असली  और काम करना भी आता है : अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यदि दिल्ली और पंजाब की तरह 24 घंटे और मुफ्त बिजली चाहिए तो एक मौका आम आदमी पार्टी को दें। हरियाणा में भी दिल्ली और पंजाब की तरह बिजली के पावर कट खत्म कर देंगे, क्योंकि इंजीनियर हूं, पढ़ा लिखा हूं, समझदार हूं अनपढ़ नहीं हू, मेरे पास डिग्री भी असली है फर्जी नहीं है और मुझे काम करना आता है। बिजली फ्री और 24 घंटे कर दूंगा इसलिए इस बार पढ़े लिखे को वोट देना।
CM मनोहर लाल   युवाओं को मजदूरी करने के लिए इजरायल भेज रहे :
उन्होंने कहा कि  मुख्यमंत्री  हरियाणा के युवाओं को मजदूरी करने के लिए इजरायल भेज रहे हैं। जहां पर युद्ध चल रहा है, यदि मुख्यमंत्री  हरियाणा के युवाओं को नौकरी नहीं दे सकते तो कुर्सी छोड़ दें। उन्होंने जनता से कहा कि ऐसे लोगों को सत्ता में लाओ जो नौकरी दे सकते हैं, जिन्होंने दिल्ली और पंजाब में नौकरी देकर दिखाई।
BJP  को सबसे ज्यादा खतरा आम आदमी पार्टी से 
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि   आज भाजपा को सबसे ज्यादा खतरा आम आदमी पार्टी से है। भाजपा वाले आम आदमी पार्टी और मेरे पीछे पड़े हैं, क्योंकि हमारा कसूर केवल इतना है कि हम देश की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बदलना चाहते हैं, गरीबों को मुफ्त दवाइयां देना चाहते हैं, बिजली मुफ्त और 24 घंटे देना चाहते हैं, भ्रष्टाचार खत्म करना चाहते हैं, इसलिए हमें जेल में डालना चाहते हैं। जब से हम राजनीति में आए हैं तब से हमारे पीछे पड़े हैं। आज इन्होंने सबसे ज्यादा नेता आम आदमी पार्टी के जेल में डाल रखे हैं।
मैं हरियाणा का बेटा, मेरे रगों में हरियाणवी खून, जेल से डरने वाला नहीं हूं 
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि  मेरे काम रोकने और मेरी पावर खत्म करने के लिए इतने कानून लेकर आए, फिर भी मैं नहीं रूका तो अब कह रहे हैं केजरीवाल को जेल में डालो। इन्होंने मनीष सिसोदिया को जेल में डाला, उसका कसूर केवल इतना था कि उसने गरीबों के बच्चों को अच्छी शिक्षा देने की हिम्मत की। सतेंद्र जैन को इसलिए जेल में डाला क्योंकि उसने अमीर और गरीब को अच्छा इलाज देने की हिम्मत की। इसलिए ये लोग हमें एक एक करके जेल में डालना चाहते हैं। लेकिन मैं हरियाणा का बेटा हूं, मेरे अंदर हरियाणा का खून है। इसलिए जेल से डरने वाला नहीं हूं, हरियाणा वालों को डराने की कोशिश मत करना।
मेरी पांच मांगें पूरी कर दो, मैं राजनीति छोड़ दूंगा : 
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि  मैं ऐलान करता हूं कि मेरी पांच मांगें पूरी कर दो, मैं राजनीति छोड़ दूंगा। मैं सत्ता के लिए, पैसे कमाने के लिए और मंत्री मुख्यमंत्री बनने के लिए नहीं आया। मेरी पहली मांग है कि शिक्षा व्यवस्था ठीक करदो, अमीर हो या गरीब सबके लिए सम्मान शिक्षा का इंतजाम करदो। दूसरी मांग है पूरे देश में सबके लिए अच्छे इलाज इंतजाम करदो चाहे कोई अमीर हो या गरीब। दिल्ली और पंजाब की तरह पूरे देश के अस्पताल ठीक करदो। तीसरी मांग है कि आज महंगाई से लोगों को बुरा हाल है, 5 से 10 हजार रुपए कमाने वाले के लिए रोटी खाना मुश्किल हो गया है, इसलिए महंगाई कम करदो।  चौथी मांग है कि हर हाथ और हर बच्चे को नौकरी दे दो और पांचवीं मांग है कि इस देश में गरीबो के लिए 24 घंटे और मुफ्त बिजली का इंतजाम करदो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here