करनाल (अंकुर कपूर): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने करनाल में प्रदेश के पहले सहकारिता एक्सपोर्ट हाउस का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और सहकारिता मंत्री बनवारी लाल सहित प्रदेश के अन्य नेता व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। हरियाणा सहकारिता एक्सपोर्ट हाऊस में आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह ने एक्सपोर्ट हाऊस जनता को समर्पित करते हुए यहां विभिन्न परियोजनाओं का भी शुभारम्भ किया।
इस एक्सपोर्ट हाऊस की विधिवत शुरूआत के बाद चावल कारोबार व अन्य प्रकार के खाद्यान के निर्यात से जुडे कार्यालय व प्रतिष्ठान संचालित हो जाएगे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश के लिए अन्य परियोजनाओं का उदघाटन व शिलान्यास भी किया। इनमें सांझी डेयरी का उदघाटन, एथेनॉल संयंत्र चीनी मिल पानीपत का शिलान्यास, दुग्ध संयंत्र रेवाड़ी का शिलान्यास, इंटरनेट रेडियों-सहकारिता वाणी एप का शुभारम्भ तथा सहकारिता समितियों के लिए एनसीडीसी हरियाणा द्वारा 10 हजार करोड़ का स्वीकृति पत्र भेंट किया गया।
उन्होंने कहा कि हम पराली की समस्या का समाधान कर रहे हैं। इससे मिलों में इथेनॉल का उत्पादन किया जा रहा है। पहले 1 प्रतिशत इथेनॉल का पेट्रोल में प्रयोग होता था अब मोदी सरकार में इसका 20 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि आज इंटरनेट रेडियों की शुरुआत की गई है, इस से लोगों को सहकारिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश में एकमात्र प्रदेश है जहां पढ़ी-लिखी पंचायत है।
यह मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सोच के कारण संभव हुआ है इस के लिए मैं मुख्यमंत्री मनोहर लाल को बधाई देता हूं। हमने 2025 से पहले देश के हर गांव में पैक्स बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत 2 लाख पैक्स बनाये जाएंगे। यह सहकारी समितियां विभिन्न जनउपयोगी कार्यों का संचालन करेंगी जिससे उनकी स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि इस एक्सपोर्ट हाउस से किसानों को काफी फायदा होगा और जल्द ही हरियाणा की सब्जी बाहर के लोग खाएंगे।







