कैथल (एकता): हरियाणा में कई मंदिर हैं हर मंदिर का अपना रहस्य है। लोगों की किसी न किसी मंदिर में गहरी आस्था छिपी हुई है। लेकिन आज हम आपको ऐसे मंदिर के बारे में रु-ब-रु करवाएंगे जो कैथल में स्थित है और जो श्री ग्यारह रुद्री शिव मंदिर है। वह लोगों के लिए आर्कषण का केंद्र है। इस मंदिर के कारण कैथल शहर को छोटी काशी के नाम से भी जाना जाता है। मंदिर का रहस्य महाभारत काल से जुड़ा हुआ है।

मान्यता है कि ग्यारह रुद्री मंदिर की स्थापना भगवान श्रीकृष्ण ने उस समय की थी, जब कुरुक्षेत्र में महाभारत का युद्ध समाप्त हाे गया था। युद्ध के बाद भगवान कृष्ण ने कौरव और पांडवों के बीच हुए युद्ध में मारे गए सैनिकों की आत्मिक शांति के लिए यहां 11 रुद्रों की स्थापना की थी। तभी से आसपास के श्रद्धालु यहां पूजा करने लगे।
महर्षि कश्यप ने भगवान शिव की तपस्या करके वरदान मांगा था कि भगवान शिव उनके पुत्र के रूप में जन्म लें। भगवान ने गाय माता के पेट से 11 रूपों में जन्म लिया। कहा जाता है कि जो महाशिवरात्रि पर भगवान शिव के 11 रुद्रों पर जल चढ़ता है, उसकी मनोकामना पूर्ति होती है और उसके सारे पाप धुलकर हजार गाय दान करने के समान पुण्य प्राप्त होता है।







