यमुनानगर (अंकुर कपूर): यमुनानगर में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां महिला ने खुद को मौत के घाट उतार लिया। बता दें कि ससुराल पक्ष द्वारा बटवारें की जमीन देने से इंकार करने पर परेशान महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों के बयान के आधार पर मृतक महिला के सास, ससुर,जेठ के बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी। मृतक महिला की पहचान जगाधरी की मनोहर कॉलोनी की रहने वाली गुरप्रीत कौर के रूप में हुई। बेटी गुरविन प्रीत कौर और दूसरी बेटी अनमोल कौर ने बताया कि वे अपनी मां गुरप्रीत कौर और पिता जगतार सिंह के साथ जगाधरी की मनोहर कॉलोनी में किराये के मकान में रहती थी। कल देर शाम उसने अपने घर की छत पर सल्फास खाकर अपने परिवार को बताया कि जमीन ना दिए जाने के चलते उसने ऐसा कदम उठाया है।
बुढ़िया गेट पुलिस चौकी के जांच अधिकारी गुरदयाल सिंह ने बताया कि गुरप्रीत कौर की शादी को लगभग 17 से 18 साल हो गए तब से उसके सास करनैल कौर, ससुर जरनैल सिंह , जेठ जोगिंदर सिंह और जेठ के बेटे रविंद्र सिंह उसे जमीन में से हिस्सा देने के लिए कह रहे थे। लेकिन अभी तक भी उन्होंने उनकी खेती योग्य जमीन से किसी प्रकार का हिस्सा उनको नहीं दिया था और बार-बार घर बुलाकर अपमानित करते थे। ससुराल पक्ष के लोग ताने देते रहते थे और कहते थे कि तेरे पास तो केवल दो बेटियां है। इसलिए तुझे जमीन का हिस्सा नहीं दिया जाएगा। पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।







