अंबाला: दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा उन्हें सीएम पद की पेशकश पर हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने बड़ा हमला बोला है। विज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक साफ सुथरी पार्टी है। मनीष सिसोदिया को लेकर हमने पार्टी को गंदा नहीं करना है। उन्होंने सिसोदिया के ट्वीट पर कहा कि ये भी एक ऑटो सजेशन का तरीका होता है। ये बताने का कि मुझे पार्टी में ले लो और मेरा केस वापिस लो। विज ने सिसोदिया पर कई सवाल खड़े किए और कहा कि मनीष सिसोदिया बताए कि उन्हें सीएम बनने का न्यौता किसने दिया ? किसने उन्हें बुलाया ? किसने उनसे बात की ? आखिरकार सिसोदिया उपमुख्यमंत्री है किसी ऊंचे कद का व्यक्ति ही इनसे बात करेगा।
उन्होंने कहा कि सिसोदिया पर भले ही भाजपा नेता कितना ही आक्रामक रुख अपना रहे हो। लेकिन केजरीवाल सिसोदिया की तारीफ करने से नहीं हटते और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम करने के लिए भारत रत्न अवार्ड से सम्मानित करने की बात कर रहे हैं। विज ने केजरीवाल के इस बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी और व्यंगात्मक तरीके से एक कहानी सुनाते हुए कहा “कि मेरा एक दोस्त होता था वो जब भी परीक्षा में जाता था तो प्रश्न कोई भी पूछो वो MY BEST FRIEND का निबंध लिख आता था। क्योंकि उसको उसके सिवा कुछ आता नहीं था”।







