Home Haryana कैथल में डेयरी पर छापा: 700 किलो पनीर नष्ट, रिफाइंड पाम ऑयल...

कैथल में डेयरी पर छापा: 700 किलो पनीर नष्ट, रिफाइंड पाम ऑयल से बनाया जा रहा था पनीर

8
0

कैथल, (बलिंदर कुमार)। कैथल में मिलावटखोरी के खिलाफ पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांव ड्योढखेड़ी स्थित श्री श्याम डेयरी पर छापेमारी की। इस दौरान टीम को डेयरी में करीब 700 किलोग्राम पनीर और पनीर बनाने में इस्तेमाल किया जा रहा रिफाइंड पाम ऑयल मिला। जांच के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर के सैंपल लेने के उपरांत करीब 700 किलोग्राम पनीर को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। जांच में यह भी सामने आया कि डेयरी में तैयार किया जा रहा पनीर चंडीगढ़ में सप्लाई किया जाता था।

पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक सेल कैथल और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने 26 नवंबर की रात करीब 11:55 बजे डेयरी पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मैन्युफैक्चरिंग स्थल से रिफाइंड पाम ऑयल के 15-15 किलोग्राम के छह डिब्बे बरामद हुए। मौके पर डेयरी मालिक सुमित कुमार निवासी गांव किशनमोर भी मौजूद था। जांच के दौरान पता चला कि डेयरी में पनीर तैयार करने के लिए रिफाइंड पाम ऑयल का इस्तेमाल किया जा रहा था।

खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के निर्धारित नियमों के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय टीम ने पनीर के नमूने लिए और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पूरी खेप को नष्ट करवा दिया। इस कार्रवाई का नेतृत्व एंटी नारकोटिक सेल कैथल के प्रभारी एसआई प्रदीप ने किया। टीम में एएसआई अनिल कुमार और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक शर्मा भी शामिल रहे।

प्रशासन की इस कार्रवाई को मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान का हिस्सा बताया गया है। विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here