Home Haryana टिकरी बॉर्डर जा रहे किसान नेताओं को पुलिस ने रास्ते में रोका,...

टिकरी बॉर्डर जा रहे किसान नेताओं को पुलिस ने रास्ते में रोका, हिरासत में लिया

6
0

हिसार। दिल्ली के टिकरी बॉर्डर जा रहे हिसार के कई किसान नेताओं और किसानों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने का मामला सामने आया है। किसान को शुरू हुए किसान आंदोलन की छठी वर्षगांठ के अवसर पर टिकरी बॉर्डर पहुंचने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, रास्ते में ही पुलिस ने कई किसान नेताओं को रोककर डिटेन कर लिया। किसानों ने पुलिस पर सख्ती बरतने और दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, किसान नेता शमशेर सिंह लाडवा को लाडवा और भगाना गांव के बीच रास्ते में रोक लिया गया, जबकि किसान नेता कपूर सिंह बगला को आदमपुर पुलिस ने हिरासत में लिया। इस कार्रवाई को लेकर किसानों ने नाराजगी जताई और पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

किसान नेता शमशेर सिंह लाडवा ने वीडियो जारी कर बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा ने करीब 15 दिन पहले बैठक कर किसान आंदोलन की वर्षगांठ पर टिकरी बॉर्डर जाने का निर्णय लिया था। उनका आरोप है कि किसानों के कार्यक्रम को रोकने के लिए रात करीब 11 बजे से ही कई गांवों में किसान नेताओं के घरों के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।

किसानों ने लाडवा, खरड़, नयाना, चिड़ौद, तारनोद, बगला, जाखोल खेड़ा, कनोह और खेदड़ सहित कई गांवों में किसान नेताओं और किसानों को डिटेन किए जाने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वे शांतिपूर्वक टिकरी बॉर्डर जाकर किसान आंदोलन की वर्षगांठ मनाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।

किसानों ने आंदोलन के दौरान सरकार के साथ हुए समझौतों और किए गए वादों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि आंदोलन के दौरान 750 शहीद किसानों को शहीद का दर्जा देने और टिकरी बॉर्डर पर शहीद स्मारक बनाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इन मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

पुलिस कार्रवाई से नाराज किसानों ने विरोध में नारेबाजी की और कहा कि वे इस तरह की कार्रवाई के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में फिर से बड़े स्तर पर आंदोलन की तैयारी की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here