Home Haryana बेटी की शादी में घोड़ी पर निकाला बनवारा, परिवार ने दिया समानता...

बेटी की शादी में घोड़ी पर निकाला बनवारा, परिवार ने दिया समानता का संदेश

6
0

बवानीखेड़ा (भिवानी)। बेटा-बेटी के बीच भेदभाव मिटाने और समाज में बेटियों को बराबरी का दर्जा देने का संदेश देने के लिए बवानीखेड़ा निवासी कुलदीप नाहड़िया और रोहिणी देवी ने अपनी बेटी साक्षी की शादी में अनूठी पहल की। परिवार ने विवाह के दौरान बेटों की शादी में निभाई जाने वाली सभी प्रमुख रस्में बेटी के विवाह में भी पूरी कीं। साक्षी के ताऊ जयबीर हलवाई और ताई संतोष देवी ने उसे घोड़ी पर बैठाकर पारंपरिक बनवारा निकाला।

इस दौरान परिवार के सदस्य और रिश्तेदार घोड़ी पर सवार दुल्हन के आगे नाचते-गाते नजर आए। विवाह समारोह में परिवार की इस पहल ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और यह अनूठी रस्म चर्चा का विषय बनी रही।

साक्षी ने कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं। वे शिक्षा, रोजगार और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा के दम पर अलग पहचान बना रही हैं। उन्होंने बताया कि वह स्नातक तक शिक्षित हैं और उनके परिवार ने शादी में बनवारा निकालकर समाज को बेटा-बेटी के बीच भेदभाव खत्म करने का संदेश दिया है। साक्षी ने इस पहल के लिए अपने परिजनों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें अपने परिवार पर गर्व है।

साक्षी के ताऊ जयबीर हलवाई और ताई संतोष देवी ने कहा कि बेटियों को भी बेटों के समान मान-सम्मान और अधिकार मिलने चाहिए। इसी सोच को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने साक्षी को घोड़ी पर बैठाकर बनवारा निकालने का निर्णय लिया, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचे।

साक्षी की दादी शरबती देवी ने बताया कि उनके पति स्वर्गीय मनीराम ने कभी बेटा और बेटी में कोई अंतर नहीं किया। परिवार आज भी उनके विचारों और दिखाए रास्ते पर चल रहा है। इसी सोच के तहत उन्होंने अपनी पौत्री की शादी में उसे घोड़ी पर बैठाकर बनवारा निकाला, ताकि बेटियों के प्रति समानता और सम्मान का संदेश समाज तक पहुंचे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here