अंबाला (अंकुर कपूर)। अंबाला छावनी की सूअर मंडी में बनारसी दास मिल के पीछे चल रहे कथित अवैध स्लॉटर हाउस के खिलाफ नगर परिषद अंबाला सदर ने कार्रवाई शुरू कर दी है। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के जनता कैंप में शिकायत पहुंचने के बाद नगर परिषद की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने स्लॉटर हाउस संचालकों से संचालन से संबंधित दस्तावेज दिखाने को कहा और खुले में मांस की बिक्री बंद करने की हिदायत दी। इस दौरान स्लॉटर हाउस संचालकों ने मंगलवार दोपहर 12 बजे तक की मोहलत मांगी और तब तक अपना काम बंद कर स्थान खाली करने का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार, कैबिनेट मंत्री अनिल विज के जनता कैंप में शिकायत दी गई थी कि बनारसी दास मिल के पीछे कुछ लोग खुले में सूअरों को काटकर उनका मांस बेच रहे हैं। इससे आसपास से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिकायत में इस गतिविधि पर रोक लगाने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायत के आधार पर नगर परिषद के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर सुनील दत्त के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची।
कार्रवाई के दौरान किसी तरह के विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस बल भी नगर परिषद की टीम के साथ मौजूद रहा। अधिकारियों ने स्लॉटर हाउस संचालकों से आवश्यक कागजात दिखाने और खुले में मांस की बिक्री बंद करने को कहा। इस पर संचालकों ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि इस क्षेत्र में केवल वही स्लॉटर हाउस नहीं चला रहे हैं, बल्कि शिकायतकर्ता सहित अन्य लोग भी इसी तरह का काम करते हैं। उन्होंने अधिकारियों से पूरे क्षेत्र की जांच करवाने की मांग की, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
स्लॉटर हाउस संचालक ने नगर परिषद की टीम से मंगलवार दोपहर 12 बजे तक का समय मांगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि तय समय तक स्लॉटर हाउस को वहां से हटा दिया जाएगा। इसके बाद नगर परिषद की टीम ने उन्हें काम बंद करने की हिदायत देते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित समय तक अवैध गतिविधियां बंद नहीं की गईं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में खुले में पशुओं को काटने और मांस बेचने की अनुमति नहीं दी जा सकती। वहीं, मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस टीम नगर परिषद के कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए तैनात की गई थी, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का झगड़ा या कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा न हो।
चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर सुनील दत्त ने कहा कि स्लॉटर हाउस संचालकों को अपना काम बंद करने और परिसर खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि तय समय सीमा तक निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







