मंडी अटेली (महेंद्रगढ़)। बाजरा खरीद में हो रही देरी और भावांतर भरपाई योजना की राशि का भुगतान नहीं होने से किसानों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। किसान नेता एवं समाजसेवी वीरेंद्र लांबा ने प्रदेश सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अभी तक कई किसानों के खातों में भावांतर भरपाई की राशि नहीं पहुंची है। इससे किसानों को आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वीरेंद्र लांबा ने कहा कि कृषि मंत्री ने किसानों के खातों में भावांतर राशि भेजने की बात कही थी, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। किसान अब भी अपने बैंक खातों में राशि आने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार की ओर से भुगतान की समय सीमा बताए जाने के बाद भी किसानों को उनका हक क्यों नहीं मिला है?
लांबा ने बाजरा खरीद व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिन किसानों ने अपनी फसल बेचने के लिए पोर्टल पर पंजीकरण कराया हुआ है, उनमें से कई की उपज अब तक नहीं खरीदी गई है। खरीद प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए मंडियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके फसल तैयार करता है, लेकिन उपज बेचने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए उसे लंबा इंतजार करना पड़ता है। समय पर खरीद और भुगतान नहीं होने से किसानों की आर्थिक परेशानियां बढ़ रही हैं।
वीरेंद्र लांबा ने प्रदेश सरकार से मांग की कि बाजरे की लंबित खरीद प्रक्रिया को जल्द पूरा कराया जाए और भावांतर भरपाई योजना के तहत पात्र किसानों की बकाया राशि उनके खातों में तुरंत भेजी जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल आश्वासन देने के बजाय उनकी फसल की समय पर खरीद और सरकारी योजनाओं का लाभ निर्धारित समय पर सुनिश्चित किया जाना चाहिए।







